किसान आंदोलन 68 वें दिन जारी रहा, 26 मार्च को होगा भारत बंद
23 मार्च को भगत सिंह शहादत दिवस व्यापक रूप से मनाएंगे किसान
कैलारस-- संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशव्यापी किसान आंदोलन की कड़ी में कैलारस में भी किसान आंदोलन 68 वें दिन कृषि उपज मंडी के सामने जारी रहा। यह आंदोलन तीनों कृषि विरोधी काले कानूनों की वापसी के लिए जारी है।यह कानून कारपोरेट परस्त है, पूरी कृषि व्यवस्था को तबाह कर देंगे। किसान बंधुआ मजदूर बन जाएंगे। एफसीआई व मंडी व्यवस्था की समाप्ति से सार्वजनिक वितरण प्रणाली भी बंद होने की स्थिति में पहुंच जाएगी। जिससे खाद्यान्न संकट उत्पन्न होने के कारण भुखमरी की स्थिति निर्मित होगी। इसके विरोध में दिल्ली की पांचों सीमाओं पर गत 115 दिनों से आंदोलन जारी है। 300 से ज्यादा किसान शहीद हो चुके हैं। यह आंदोलन 500 संगठनों के संयुक्त मोर्चे द्वारा चलाया जा रहा है। संयुक्त मोर्चा ने आगामी 26 मार्च को भारत बंद का आह्वान किया है। इस भारत बंद को वामपंथी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक राजनीतिक दलों के साथ-साथ जन संगठनों श्रमिक संगठनों, छात्र, युवा महिलाओं के संगठनों ने भी समर्थन दिया है। इससे पूर्व 23 मार्च को किसान व्यापक रूप से भगत सिंह का शहादत दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में तथा नगरीय क्षेत्र में मनाएंगे । इसी कड़ी में आज कृषि उपज मंडी के सामने आयोजित धरने में किसान युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। जिसमें महेश प्रजापति, सिंचाई अध्यक्ष अध्यक्ष राम लखन सिंह, पूर्व जनपद सदस्य डॉ राम कुमार श्रीवास ,जगन्नाथ सिंह धाकड़, सियाराम सिंह ,राम सिंह, निरंजन शाक्य आदि ने भाग लिया। आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए किसान महा पंचायतों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। किसान नेताओं ने आंदोलन को और तेज करने की अपील की है।