केंद्रीय मंत्री तोमर व अजा मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य के साथ मीना मुकेश जाटव ने भरा नामांकन
भाजपा की महापौर प्रत्याशी की रैली में जोश के साथ उमड़े कार्यकर्ता, विजयी बनाने का लिया संकल्प
भाजपा सरकार ने बनाया नगर निगम, अब चंबल का पानी मुरैना में घर-घर आएगा: तोमर
मुरैना की तस्वीर और तकदीर बदलेगी भाजपा शासित नगर निगम परिषद्- केंद्रीय मंत्री
मुरैना, शैलेंद्र श्रीवास/एडीटर। जोश-खरोश और उत्साह से परिपूर्ण कार्यकर्ताओं के अपार समर्थन के साथ, भारतीय जनता पार्टी की महापौर पद की प्रत्याशी श्रीमती मीना मुकेश जाटव ने अपना नामांकन-पत्र जमा कराया। इस दौरान मुख्य रूप से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री व क्षेत्रीय सांसद श्री नरेंद्र सिंह तोमर तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लालसिंह आर्य सहित संगठन के सभी प्रमुख पदाधिकारी एवं अन्य नेता भी श्रीमती जाटव के साथ मौजूद थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भाजपा की सरकार ने ही मुरैना में नगर निगम का दर्जा प्रदान किया और अब भाजपा शासित राज्य सरकार की बदौलत चंबल का स्वच्छ पानी मुरैना में घर-घर आएगा, जिसके लिए 200 करोड़ रु. से ज्यादा की योजना मंजूर होने के साथ ही इसके लिए टेंडर भी हो चुके हैं और इसका काम शीघ्र शुरू होने वाला है।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आज सुबह डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क, सिंगल बस्ती पर एकत्र हुए, जहां से श्रीमती मीना मुकेश जाटव कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय मंत्री श्री तोमर एवं अजा मोर्चाध्यक्ष श्री आर्य के मार्गदर्शन में नामांकन भरने गई। इससे पूर्व, सर्वप्रथम बाबा साहब डॉक्टर अंबेडकर जी की प्रतिमा पर इन सभी के द्वारा माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया गया।
इस दौरान सभा में श्री तोमर ने कहा कि एक समय था जब मुरैना गांव था, फिर मुरैना नगर पंचायत बनी, तत्पश्चात नगर पालिका और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के कारण ही मुरैना को नगर निगम का दर्जा दिया गया। आज मुरैना के लोग यह कह सकते हैं कि ग्वालियर के लोगों के पास महापौर है तो मुरैनावासियों के पास भी महापौर है। मुरैना के लोग किसी से कम नहीं है। सब लोग जानते हैं कि पहले मुरैना की सड़कों की क्या स्थिति थी, अस्पताल के क्या हाल थे, चौराहों पर कितना जाम लगता था, मुरैना में सीवर लाइन नहीं थी, मुरैना में पेयजल योजना नहीं थी लेकिन अब भाजपा के शासनकाल में मुरैना में सड़कें सुधरी व चौड़ीकरण हो रहा है, पुल-पुलियाएं बनीं, भाजपा के शासन वाली प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजना के कारण मुरैना में घर-घर सीवर लाइन भी पहुंची है।
श्री तोमर ने कहा कि एक कार्यकाल में ही इतने सारे विकास कार्य किए जा चुके हैं और करोड़ों रु. के काम अभी चल भी रहे हैं। निश्चित ही आगे भी मुरैना में लोगों की सुविधाओं के लिए नगर की प्रगति सतत जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि श्री मुकेश जाटव व श्रीमती मीना जाटव बहुत लंबे समय से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करते आ रहे हैं। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने कार्यकर्ता भाव को प्राथमिकता दी है, जिसने गरीबों की भलाई को तवज्जो दी और जिसने श्रीमती मीना जाटव, जो आंगनवाड़ी में काम करती थी, उसे प्रत्याशी बनाकर जन-जन की इस प्रतिनिधि को सम्मान दिया है, यहीं भाजपा की पहचान है। श्री तोमर ने कहा कि अभी बहुत-सारे कार्य भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा मंजूर किए गए हैं, उन्हें भी पूरा करना है। ये चुनाव नगर निगम का है, केंद्र व राज्य सरकार को नगरीय क्षेत्र में जो भी काम करवाना हो, वह नगर निगम द्वारा ही कराना पड़ेगा। भाजपा की नगर निगम होगी तो आने वाले कल में जल्दी से जल्दी विकास कार्य होंगे। स्वच्छ पानी मिलेगा, मुरैना की तस्वीर बदलेगी व तकदीर भी।
अजा मोर्चाध्यक्ष श्री आर्य ने सभा में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। भाजपा में छोटे कार्यकर्ताओं को भी पूरा महत्व दिया जाता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर महापौर सहित संगठन के सभी पार्षद पद के प्रत्याशियों को भी विजयी बनाने के लिए कार्य करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. योगेश पाल गुप्ता, जौरा विधायक श्री सूबेदार राजौधा, वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री रघुराज कंसाना, ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष श्री गिर्राज दंडोतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता हर्षाना, पूर्व मंत्री श्री रूस्तम सिंह, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, पूर्व महापौर श्री अशोक अर्गल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री केदार सिंह यादव, श्री नागेंद्र तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता, आमजन भी उपस्थित थे।