भाजपा का महापौर बनने पर तेज गति से होगा विकास: डॉ. गुप्ता
जिलाध्यक्ष, विधायक, निगम अध्यक्ष, पूर्व मंत्री बोले नगर निगम सहित सभी निकायों में जीतेगी भाजपा
मुरैना/शैलेन्द्र श्रीवास/एडीटर। नगर निगम मुरैना का गठन होने के बाद महापौर अशोक अर्गल के कार्यकाल में मुरैना शहर का बहुमुखी विकास हुआ है। 600 बिस्तर का आधुनिक जिला अस्पताल, बैरियर चौराहे पर फ्लाई ओवर, नवीन कलेक्ट्रेट भवन सहित तमाम विकास के कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए है। निकाय चुनावों में भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीना मुकेश जाटव के विजयी होने के बाद एक बार फिर मुरैना शहर के विकास को पंख लग जाएगें।
यह बातें भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता ने शनिवार को होटल धर्मइन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहीं। प्रेसवार्ता में पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम अध्यक्ष रघुराज कंषाना ने कहा कि कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के प्रयासों से मुरैना जिले के सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा चुके है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास ध्येय के साथ काम करने वाली पार्टी है। एमपी एग्रो चेयरमैन ऐंदल सिंह कंषाना ने कहा कि 2018 में कांग्रेस सरकार के दौरान जनता से किए वादों को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ पैसेे की कमी होने की बात कहते थे। फिर सीएम शिवराज सिंह की सरकार बनने के बाद से अब तक नगर निगम क्षेत्र में आने वाले सुमावली विधानसभा के 10 वार्डों में सड़क, नाली, पेयजल कार्यों के लिए 20 करोड़ के कार्य कराए जा चुके है। श्री कंषाना ने कहा कि भाजपा का महापौर बनने के बाद मुरैना शहर के हर वार्ड, हर गली में पक्की सड़कें, शुद्ध पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का विकास होगा। मुरैना शहर में चंबल का पानी हर घर तक पहुंचानें के लिए 500 करोड़ के वाटर प्रोजेक्ट के टेण्डर स्वीकृत हो चुके है। जल्द ही कार्य चालू हो जाएगा।
जौरा क्षेत्र में भाजपा के शासन में हुए विकास कार्यों का बखान विधायक सूबेदार सिंह रजौधा ने किया। उन्होंने कहा कि 250 करोड़ से पहाडग़ढ़-सहसराम रोड का निर्माण कराया जा रहा है। जौरा विधानसभा में तमाम सड़कों का निर्माण कर बेहतर कनेक्टिविटी बनाने के प्रयास जोरों पर है। जौरा में 41.5 करोड़ और कैलारस में पेयजल योजना के लिए 30 करोड़ की राशि स्वीकृत हो चुकी है। ऊर्जा विकास निगम अध्यक्ष गिर्राज डण्डौतिया ने कहा कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की कांग्रेस सरकारों के दौरान मुरैना जिला विकास से कोसों दूर रहा। दिमनी क्षेत्र के ननि में आने वाले मुडिय़ाखेड़ा गांव में नाला निर्माण, नंदेपुरा बायपास रोड, बड़ोखर तालाब का जीर्णोद्वार कराया जा रहा है। पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह ने कहा कि मुरैना का नवीन 600 बिस्तरीय जिला अस्पताल भवन प्रदेश में नंबर-1 है। उन्होंने नाला नंबर-1 एवं 2 के अण्डरग्राउण्ड निर्माण और बानमोर क्षेत्र में स्कूलों के उन्नयन, भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के बारे में बताया। प्रेसवार्ता में अंबाह विधायक कमलेश जाटव ने अंबाह, पोरसा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने, चंबल नदी के उसैद घाट पर पुल निर्माण सहित भाजपा शासन में हुए अन्य विकास कार्यों के बारे में बताया। पूर्व जिलाध्यक्ष केदार सिंह यादव ने कहा कि नगर निगम बनने के बाद मुरैना शहर की सूरत और सीरत दोनों ही बदली है। पूर्व मंत्री मुंशीलाल ने कहा कि ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज का कार्य तेजी से चल रहा है। भाजपा के राज में मप्र में ऐतिहासिक विकास हुआ है। प्रेसवार्ता में नगरीय निकाय चुनाव के जिला प्रभारी पं. महेश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री चारूकृष्ण डण्डौतिया भावना जालौन जिला कार्यालय मंत्री राजेश सिकरवार विवेक परिहार भी मौजूद थे।